कलेक्टर जनदर्शन में युवक ने की आत्मदाह की कोशिश, मचा हड़कंप...
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन के दौरान एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। समय रहते सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया, जिससे बड़ी घटना टल गई। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, हर सोमवार की तरह इस सप्ताह भी धमतरी कलेक्टर कार्यालय में जनदर्शन आयोजित किया गया था। उसी दौरान देवेंद्र कुमार साहू, निवासी रामपुर (तहसील भखारा), अपनी समस्या लेकर पहुंचा।
बताया जा रहा है कि देवेंद्र अपने जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से परेशान था। कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर उसने पेट्रोल और माचिस लेकर आत्मदाह का प्रयास किया।
कर्मचारियों की सतर्कता से टली बड़ी घटना
जैसे ही युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़का और आग लगाने की कोशिश की, वहां मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे रोक लिया। बाद में पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में लिया और पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रशासन में मचा हड़कंप
घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने तत्काल मौके की जांच कर युवक की शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।