CSVTU में फीस घोटाला, PHD विभाग का कनिष्ठ सलाहकार गिरफ्तार
दुर्ग जिले में स्थित छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) भिलाई से धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने विश्वविद्यालय के PHD विभाग में कार्यरत कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने PHD शोधार्थियों से फीस के नाम पर पैसे लेकर राशि अपने निजी खाते में जमा कर ली।
फीस के नाम पर 9.44 लाख रुपये की धोखाधड़ी
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि PHD शोधार्थियों से फीस के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। विश्वविद्यालय स्तर पर गठित दो सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में 9 लाख 44 हजार 500 रुपये के गबन का खुलासा हुआ।
नकद राशि लेकर जारी की गईं फर्जी रसीदें
जांच समिति की रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि PHD शाखा में पदस्थ कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद ने शोधार्थियों से नकद राशि लेकर उन्हें फर्जी फीस रसीदें दीं। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने 9 फरवरी को आरोपी सुनील कुमार प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी शुल्क रसीदें और संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
वहीं, दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और शैक्षणिक संस्थानों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।