VIP रोड स्थित फार्महाउस में हुक्का पार्टी का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित विशाल नगर इलाके के एक फार्महाउस में आयोजित कथित हुक्का पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां बिना अनुमति प्राइवेट पार्टी आयोजित किए जाने और नशे के खुलेआम सेवन के आरोप सामने आए हैं।
वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पार्टी करते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग हुक्का पीते दिख रहे हैं, वहीं फिल्मी गानों पर रील बनाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह पार्टी बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित की गई थी, जिससे नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है।
मामले की जानकारी सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, वीडियो के आधार पर पार्टी आयोजकों और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बिना अनुमति भीड़ जुटाने और नशे के सेवन जैसे नियमों के उल्लंघन की बात सामने आ रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने शहर में फार्महाउस और प्राइवेट पार्टियों के नाम पर चल रही अवैध गतिविधियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।