भिलाई में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और मासूम बेटे की हत्या, दो बेटियां गंभीर घायल
भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस हमले में परिवार की दो बेटियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज जारी है।घटना सुपेला थाना क्षेत्र के STF कॉलोनी की है। जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान रीना यादव के रूप में हुई है, जिनके पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि वे 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे और घटना के समय सुबह करीब 8 बजे रेलवे स्टेशन गए थे।इसी दौरान आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) घर में घुस गई और सो रहे परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने मासूम बच्चे पर करीब 14 बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान मां और बेटे दोनों ने दम तोड़ दिया।
हमले के दौरान घर में मौजूद दो बेटियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। एक बेटी बाथरूम में छिप गई, जबकि दूसरी किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपी महिला को पकड़ लिया और उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, लेकिन उस समय उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। आरोपी मूल रूप से जांजगीर की रहने वाली है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी।
सीएसपी भिलाई सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।