“देर ना हो जाए” संस्था का कैंसर जागरूकता अभियान एवं पुस्तक विमोचन संपन्न
रायपुर। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समाज को जागरूक करने और समय रहते जांच के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संस्था “देर ना हो जाए” द्वारा कैंसर जागरूकता अभियान एवं पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता नैनीताल की पिंक लेडी आशा शर्मा ने महिलाओं को कैंसर से बचाव, प्रारंभिक लक्षणों की पहचान तथा समय पर जांच और उपचार की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से किया जाने वाला सेल्फ एग्ज़ामिनेशन शरीर में होने वाले असामान्य बदलावों को पहचानने में सहायक हो सकता है। समय रहते जांच और उचित उपचार से इस बीमारी से प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है।
आशा शर्मा ने महिलाओं को रियूजेबल सेनेटरी पैड के उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा उसके स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संबंधी लाभों के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं से बिना झिझक अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शताब्दी पांडे ने की। उन्होंने कहा कि कैंसर से लड़ाई केवल अस्पतालों में नहीं, बल्कि घर-घर तक सही जानकारी और जागरूकता पहुँचाने से जीती जा सकती है। जागरूकता, नियमित जांच और समय पर उपचार ही इस बीमारी के विरुद्ध सबसे मजबूत हथियार हैं।
विशेष अतिथि डॉ. वर्णिका मिश्रा ने चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और आवश्यकता पड़ने पर मिलने वाली सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों से बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने तथा किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत सहायता लेने का संदेश दिया।
इस अवसर पर लेखिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता शीलू लुनिया की कैंसर जागरूकता पर आधारित पुस्तक “देर ना हो जाए” का विमोचन भी किया गया। पुस्तक के माध्यम से समाज को भय और संकोच से बाहर निकलकर समय पर जांच कराने, सही जानकारी अपनाने तथा जीवन के प्रति सजग रहने का प्रेरक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संयोजन मुकेश शाह एवं रानू लाल लुनिया ने किया तथा मंच संचालन मीना शर्मा ने किया। उपस्थित गोपाल सोलंकी जी एव सीमा छाबड़ा जी ने इस अभियान को अत्यंत उपयोगी और समाज के लिए आवश्यक पहल बताते हुए संस्था के प्रयासों की सराहना की।