आज से थमेगी बारिश, बढ़ेगा तापमान; रायपुर समेत प्रदेश में मौसम बदलेगा

आज से थमेगी बारिश, बढ़ेगा तापमान; रायपुर समेत प्रदेश में मौसम बदलेगा

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हुई, जबकि राजधानी रायपुर में केवल हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। दो दिनों बाद बुधवार सुबह रायपुर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिली और तापमान बढ़ने के संकेत मिले हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके कमजोर पड़ने की संभावना है, जिससे प्रदेश में व्यापक बारिश की गतिविधियां कम होंगी। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ से गुजर रही द्रोणिका के प्रभाव से कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

तापमान की बात करें तो मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।