प्रधान आरक्षक और उसके पुत्र ने ASI की कर दी पिटाई, दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने हेड कांस्टेबल को किया निलंबित

प्रधान आरक्षक और उसके पुत्र ने ASI की कर दी पिटाई, दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने हेड कांस्टेबल को किया निलंबित

भिलाई। जयंती स्टेडियम के समीप 18 जून की शाम भिलाई नगर थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक गुप्तेश्वर यादव की नगपुरा पुलिस चौकी में तैनात प्रधान आरक्षक यशवंत ठाकुर और उसका पुत्र शिवम व उसके साथ आए 8-10 युवकों ने जोरदार पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान स्कॉर्पियो में आए युवकों ने गुप्तेश्वर यादव पर स्कॉर्पियो भी चढ़ाने का प्रयास किया। मामले में बीच-बचाव कर रहे भिलाई नगर थाने में पदस्थ आरक्षक अनिल गुप्ता के सिर में भी चोटें आई हैं। घायल गुप्तेश्वर यादव को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुप्तेश्वर के छाती चेहरा व सिर में चोट आने की बात चिकित्सकों द्वारा बताई जा रही है। मामले की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने प्रधान आरक्षक क्रमांक 254 यशवंत ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। वही भिलाई नगर पुलिस ने यशवंत ठाकुर उसके पुत्रों के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट की घटना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है ।

 मिली जानकारी के अनुसार भिलाई नगर थाने में पदस्थ दो आरक्षक से प्रधान आरक्षक बने इस खुशी में आधा दर्जन पुलिसकर्मियों की पार्टी जयंती स्टेडियम के समीप झाड़ियों में संध्या के समय चल रही थी। इसी दौरान नगपुरा पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक 254 यशवंत ठाकुर और भिलाई नगर थाने के पेट्रोलिंग में तैनात प्रेम सिंह के मध्य किसी बात पर तू तू मैं व नोकझोंक धक्का-मुक्की हो गई। भिलाई नगर के सहायक उपनिरीक्षक गुप्तेश्वर यादव ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर अलग किया। इस दौरान गुप्तेश्वर के इशारे पर प्रेम सिंह घटनास्थल से चल गए। यशवंत ठाकुर ने अपने साथ हुई आपबीती को अपने पुत्र शिवम ठाकुर को मोबाइल पर बताते हुए घटनास्थल पर बुला लिया। पुत्र शिवम ठाकुर 8-10 युवकों के साथ स्कॉर्पियो वह बुलेट मोटरसाइकिल में पहुंचकर यशवंत ठाकुर के इशारे पर सहायक उपनिरीक्षक गुप्तेश्वर यादव पर टूट पड़े और गुप्तेश्वर यादव की अच्छी खासी ठुकाई कर दी। मारपीट के बाद यशवंत ठाकुर उसके पुत्र शिवम ठाकुर साथ आए युवक चलते बने। मारपीट मामले में बीच-बचाव के दौरान भिलाई नगर थाने में पदस्थ आरक्षक अनिल गुप्ता के सिर में भी चोटे आई है। तत्काल घायल गुप्तेश्वर यादव एवं अनिल गुप्ता को इलाज के लिए सेक्टर 9 अस्पताल ले जाया गया। जहां गुप्तेश्वर यादव को चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत E1 वार्ड के बेड नंबर 01 पर भर्ती कर लिया गया है जबकि आरक्षक अनिल गुप्ता को प्राथमिक उपचार के उपरांत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अनिल गुप्ता के सिर में चोट आई है जबकि सहायक उपनिरीक्षक गुप्तेश्वर यादव के छाती सिर व चेहरे में चोट आने की बात बताई जा रही है।

गुप्तेश्वर का चेहरा पूरी तरह सूज गया है। अस्पताल में एक्सरे सीटी स्कैन गुप्तेश्वर का कराया गया है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने नगपुरा पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक यशवंत ठाकुर को निलंबित कर भिलाई नगर पुलिस को निर्देश दिया है कि यशवंत ठाकुर के पुत्र शिवम ठाकुर एवं अन्य युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जाए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक गुप्तेश्वर यादव से अभद्र व्यवहार करने एवं मारपीट करने के मामले में प्रधान आरक्षक यशवंत ठाकुर को फिलहाल निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार सिन्हा ने बताया कि दिनांक 18/06/23 को थाना भिलाई नगर क्षेत्र में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक गुप्तेश्वर यादव एवं प्रधान आरक्षक यशवंत ठाकुर पुलिस चौकी नागपुरा के मध्य किन्ही कारण को लेकर आपस में विवाद होने के पाश्चात प्रधान आरक्षक यशवंत ठाकुर द्वारा एवं उसके पुत्र शिवम ठाकुर द्वारा अपने 4-5 साथियों के साथ सहायक उपनिरीक्षक गुप्तेश्वर यादव के साथ मारपीट की गई। गुप्तेश्वर यादव को उपचार हेतु सेक्टर 9 बीएसपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जो वर्तमान में ठीक है । प्रधान आरक्षक यशवंत ठाकुर के कृत्य को देखते हुए इसे तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है । थाना भिलाई नगर में अपराध पंजीबद्ध कर पृथक से विभागीय कार्रवाई की जा रही है।