ईरान ने पांच भारतीय नाविकों को किया रिहा, अब भी 11 फंसे हैं

नई दिल्ली। ईरान ने इस्राइल से संबंधित जो जहाज जब्त किया था, उसके क्रू के सदस्यों में शामिल पांच भारतीय नाविकों को रिहा कर दिया है। ईरान ने बीती 13 अप्रैल को इस्राइल से संबंधित एक कार्गो जहाज को जब्त कर लिया था। उस जहाज के क्रू में 17 भारतीय नागरिक शामिल थे। ईरान ने जब जहाज को जब्त किया, तब उस पर क्रू के 25 सदस्य सवार थे, जिनमें 17 भारतीय और दो पाकिस्तानी भी शामिल थे। यह जहाज इस्राइली कारोबारी का है, लेकिन पुर्तगाल द्वारा इसका संचालन किया जा रहा था। अभी भी 11 भारतीय नाविक ईरान में ही हैं।
पांचों भारतीय नाविक ईरान से आज शाम को रवाना भी हो जाएंगे। भारतीय विदेश मंत्रालय ने रिहा किए गए भारतीय नाविकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और साथ ही ईरान की सरकार को नाविकों की रिहाई के लिए धन्यवाद भी दिया।
यह जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से दुबई की तरफ जा रहा था। ईरान का आरोप था कि जहाज उनके इलाके से बिना इजाजत गुजर रहा था। जहाज पर सवार भारतीय दल में केरल की एक महिला नाविक एन टेसा जोसेफ भी थी, जिसे ईरान की सरकार ने पहले ही रिहा कर दिया था और वह 18 अप्रैल को भारत पहुंच गई थी।