*दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय में वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक समारोह सम्पन्न विधायक किरण सिंह देव ने किया वृक्षारोपण, ग्रंथालय के लिए 5 लाख देने की घोषणा

*दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय में वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक समारोह सम्पन्न विधायक किरण सिंह देव ने किया वृक्षारोपण, ग्रंथालय के लिए 5 लाख देने की घोषणा

जगदलपुर, 26 जून।
शासकीय दंतेश्वरी पी.जी. महिला महाविद्यालय, जगदलपुर में गुरुवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि बस्तर विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष माननीय श्री किरण सिंह देव तथा विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. बी. एल. झा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम से पूर्व "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत विधायक महोदय ने महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्राचार्य डॉ. राजीव गुहे ने महाविद्यालय की उपलब्धियों तथा समस्याओं को अतिथियों के समक्ष प्रस्तुत किया।

डॉ. झा ने अपने उद्बोधन में संस्थान की स्थापना से जुड़े संस्मरण साझा किए, वहीं विधायक श्री सिंह देव ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए ग्रंथालय में रीडिंग रूम निर्माण हेतु 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक, क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती बबीता दीवान ने किया एवं डॉ. गुलाब चंद साहू ने आभार प्रदर्शन किया।

यह समारोह छात्राओं के सर्वांगीण विकास और संस्थान की प्रगतिशील सोच का सजीव उदाहरण बना।