बिलाईगढ़ में दर्जनों पैरावट में आग, चार गांवों में दहशत
बिलाईगढ़ क्षेत्र में गुरुवार देर रात आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात लोगों ने चार गांवों में डेढ़ दर्जन से अधिक पैरावट (पराली के ढेर) में आग लगा दी। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 12 बजे से 1:30 बजे के बीच सड़क किनारे स्थित गांव गिरसा, घोघरा, घोघरी और दुरुग में अचानक पैरावट धू-धू कर जलने लगे। देखते ही देखते आग फैल गई और कई स्थानों पर रखा चारा पूरी तरह जलकर राख हो गया। कई किसानों ने पशुओं के चारे के लिए पराली घर के पास जमा कर रखी थी, जो आग की भेंट चढ़ गई।
एक ग्रामीण ने बताया कि उसके पैरावट के पास काम के लिए रखी लकड़ियां भी जल गईं। कुछ लोगों ने बताया कि घटना से पहले एक गाड़ी गांव के आसपास खड़ी देखी गई थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि आगजनी जैसी वारदात हो सकती है।
घटना के बाद सभी प्रभावित गांवों के ग्रामीण बेलादुला चौकी पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है।