दुर्ग में एक रात में 4 जगह आग, दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
दुर्ग जिले में बीती रात आग की लगातार घटनाओं ने प्रशासन और आम लोगों दोनों की चिंता बढ़ा दी। अलग-अलग इलाकों में चार से ज्यादा जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं, जहां अग्निशमन विभाग की टीम ने समय पर पहुंचकर हालात को काबू में किया।पहली घटना जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बासिन में हुई, जहां एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। दूसरी घटना कुटुंब न्यायालय के पास सामने आई, जहां एक पेड़ में आग लग गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।तीसरी और सबसे बड़ी घटना कुम्हारी इलाके में हुई, जहां कागज के पुट्ठा गोदाम में भीषण आग लग गई। कागज का गोदाम होने की वजह से आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित किया।
इसके अलावा जिले के अलग-अलग हिस्सों में बिजली ट्रांसफार्मरों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल की टीम तुरंत रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी जगहों पर आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में अग्निशमन दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी, शरद मेश्राम, केशव यादव और पूरी टीम ने समन्वय बनाकर तेजी से कार्रवाई की, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।