गंदगी मिलने पर आइसक्रीम फैक्ट्री पर 25 हजार का जुर्माना
नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत जोन-2 वैशाली नगर के वार्ड क्रमांक 21 कैलाश नगर में संचालित एक आइसक्रीम फैक्ट्री पर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची।
निरीक्षण के दौरान कृष्णा फूड प्रोडक्ट नामक आइसक्रीम फैक्ट्री में कई कमरे, कार्यालय कक्ष, स्टोर रूम, डीप फ्रीजर रूम और निर्माण हाल पाए गए, जहां विभिन्न प्रकार की आइसक्रीम का निर्माण और पैकेजिंग की जा रही थी। जांच के दौरान स्टोर रूम के एक कोने और एक डीप फ्रीजर में लगभग 200 कुल्फियां खराब और पिघली हुई हालत में बिखरी मिलीं। परिसर में जगह-जगह स्टिक और रैपर भी फैले हुए थे।
निगम टीम ने तत्काल निर्माण स्थल की सफाई करवाई और खराब तथा पिघली हुई आइसक्रीम को पंचनामा तैयार कर जब्त किया। गंदगी पाए जाने पर संचालक पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
निगम अधिकारियों ने संचालक को मिक्सचर मशीन, डीप फ्रीजर, स्टोर रूम तथा निर्माण और पैकेजिंग स्थल को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सामग्री को शुद्ध और व्यवस्थित तरीके से उपयोग करने की समझाइश भी दी गई।
इस कार्रवाई में जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर साहनी, स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह, वार्ड सुपरवाइजर और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।