रायगढ़ करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप, पत्नी और साले गिरफ्तार

रायगढ़  करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप, पत्नी और साले गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के तहत घरघोड़ा थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये की संपत्ति और व्यवसायिक रकम हड़पने के कथित षड्यंत्र का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 05 छाल रोड घरघोड़ा निवासी पिंगल कुमार बघेल (41 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2008 में विवाह के बाद व्यवसाय में आर्थिक प्रगति होने पर उसके ससुर भरतलाल यादव और साले कृष्ण कुमार यादव का घर में आना-जाना बढ़ गया। शिकायतकर्ता फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया से जुड़े कार्य करता है तथा व्यवसाय से होने वाली आय अपनी पत्नी सीमा बघेल को सुरक्षित रखने के लिए सौंपता था।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

शिकायत के मुताबिक वर्ष 2014 में उसे संदेह हुआ कि व्यवसाय से होने वाली आय के अनुरूप घर में रकम उपलब्ध नहीं है। इसके बाद उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। फुटेज देखने पर कथित रूप से सामने आया कि उसकी पत्नी आलमारी से नकदी निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को दे रही थी।

जांच के दौरान पुलिस ने कृष्ण कुमार यादव के बैंक खाते का परीक्षण किया, जिसमें करीब 22 लाख रुपये के लेन-देन पाए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कृष्ण कुमार यादव बेरोजगार होने के बावजूद उसके खाते में बड़ी राशि का लेन-देन हुआ।

भूमि खरीद में धोखाधड़ी का आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में उसने तमनार क्षेत्र में अधिग्रहण योग्य भूमि खरीदने की योजना बनाई थी, जहां भविष्य में करोड़ों रुपये का मुआवजा और नौकरी मिलने की संभावना थी। आरोप है कि इसी का लाभ उठाते हुए पत्नी, साले और ससुर ने मिलकर उस पर दबाव बनाया और लगभग 13.50 लाख रुपये मूल्य की भूमि पत्नी सीमा बघेल के नाम पर रजिस्ट्री करा ली। इसके बाद अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने के उद्देश्य से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए

एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई जांच में प्रथम दृष्टया चोरी, धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े आरोप सही पाए गए। जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज किया गया।

मामले में धारा 61(2), 49, 318(4), 303(2), 316(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 4 जून 2026 को आरोपी सीमा बघेल (41 वर्ष) और कृष्ण कुमार यादव (39 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि प्रकरण में नामजद एक अन्य आरोपी भरतलाल यादव की गिरफ्तारी अभी शेष है। उसकी तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।