भिलाई में 24 घंटे में दो मौतें, संदिग्ध हालात में युवक का शव मिला, हमले में घायल युवक ने तोड़ा दम

भिलाई में 24 घंटे में दो मौतें, संदिग्ध हालात में युवक का शव मिला, हमले में घायल युवक ने तोड़ा दम

दुर्ग। भिलाई में पिछले 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। एक मामला जामुल थाना क्षेत्र का है, जहां युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जबकि दूसरे मामले में नेवई थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुए हमले में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों मामलों की पुलिस जांच कर रही है।

राजधानी बार के पास मिला युवक का शव

जामुल थाना क्षेत्र स्थित राजधानी बार के पास बुधवार देर रात सोनू कुर्रे (38 वर्ष) का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक गौतम नगर सुपेला का निवासी था और मूल रूप से कोहका क्षेत्र का रहने वाला था।

सूचना मिलने पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक की पीठ पर खरोंच के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि नशे की हालत में गिरने से उसे गंभीर चोट लगी होगी, जिससे उसकी मौत हुई।

स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार सोनू कुर्रे नशे का आदी था। इसी कारण उसकी पत्नी और बच्चे उससे अलग रहते थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

जानलेवा हमला बना हत्या का मामला

दूसरी घटना नेवई थाना क्षेत्र की है, जहां 27 मई को हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल मुकेश टोडर की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है।

पुलिस के अनुसार 27 मई की सुबह करीब 6 बजे मुकेश अपने घर के सामने मोटरसाइकिल पर बैठा था। इसी दौरान उसका पड़ोसी मनीष कुमार कोसरे लोहे का सब्बल लेकर पहुंचा और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला कर दिया।

आरोप है कि मनीष ने मुकेश के सिर पर लगातार 10 से 12 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर उसकी मां, पत्नी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया।

एक सप्ताह तक जिंदगी की जंग लड़ता रहा मुकेश

घायल मुकेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे भिलाई के स्पर्श अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। करीब एक सप्ताह तक इलाज चलने के बाद 3 जून को उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद नेवई पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपी मनीष कुमार कोसरे (29 वर्ष) निवासी विजय चौक, स्टेशन मरोदा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का सब्बल भी बरामद कर लिया है।

हत्या की धाराएं बढ़ाने की तैयारी

आरोपी फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में जेल में है। मुकेश टोडर की मौत के बाद पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।