BSP स्क्रैप चोरी मामले में जीएम-एजीएम गिरफ्तार, 250 टन लौह सामग्री जब्त

BSP स्क्रैप चोरी मामले में जीएम-एजीएम गिरफ्तार, 250 टन लौह सामग्री जब्त

भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी के मामले में जांच का दायरा अब वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मामले में आईएमएस-3 के महाप्रबंधक (जीएम) हिमांशु भूषण मलिक (54) और सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) मनोज कुमार देवांगन (58) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का दावा है कि अधिकारियों की मिलीभगत से पिछले छह माह से बीएसपी का स्क्रैप व्यवस्थित रूप से चोरी कर बाहर बेचा जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप निकालकर उसे निजी कारोबारियों तक पहुंचाते थे। 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट क्रमांक-18, एचआईए हथखोज में छापा मारा गया।

कार्रवाई के दौरान हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेटें, बीम और कटिंग सामग्री मिली। गोदाम में भी बड़ी मात्रा में चोरी का स्क्रैप बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से करीब 250 टन लौह सामग्री जब्त की है। साथ ही स्क्रैप परिवहन में इस्तेमाल हो रहे हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाईड्रा सहित पांच मशीनों को भी सीज कर दिया गया। इससे पहले मामले के मुख्य आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है और उसकी करीब 3.50 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस संगठित स्क्रैप चोरी गिरोह से जुड़े अन्य अधिकारियों व कारोबारियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।