नकटी मामले में विधायक से आवास नहीं स्वीकारने की सहमति लेने पहुंची आम आदमी पार्टी
महासमुन्द। आम आदमी पार्टी, छत्तीसगढ़ ने रायपुर जिले के नकटी गाँव में हुई बुलडोज़र कार्रवाई को गरीब, किसान और आम नागरिक के सम्मान पर सीधा हमला बताते हुए घोषणा की है कि 08 जुलाई 2026 से प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ राज्यव्यापी अभियान चलाया जा रहा है । इस अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल संबंधित विधायक से मुलाकात कर उनसे लिखित सहमति-पत्र प्राप्त करने का प्रयास करेगा कि वे गरीबों की ज़मीन और उजड़े हुए आशियानों पर बनने वाले प्रस्तावित विधायक निवास को स्वीकार नहीं करेंगे। इसी कड़ी में महासमुन्द जिले के चारों विधायकों से सहमति लेने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उनके कार्यालय पहुंचे,खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक द्वारिकाधीश यादव से सहमति लेने खल्लारी विधानसभा प्रभारी सकील, ब्लॉक अध्यक्ष मीनाक्षी ठाकुर, संतोषी साहू,शोभन चक्रधारी,बाबा मेहता राम उनके निवास पहुचे जहाँ पर विधायक जी ने इस मुद्दे पर सहमति पत्र देते हुए अपनी पूर्ण सहमति प्रदान करते हुए जमीन नही लेने की बात कही एवं नकटी गांव के लोंगो की पुनर्वास देने की मांग किया, इसी तरह महासमुन्द विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से सहमति लेने प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर, विधानसभा प्रभारी संजय यादव, जिला उपाध्यक्ष भोला राम निषाद एवं इमरान खान पहुंचे जहां पर उन्होंने यह कहते हुए सहमति नहीं दी कि जमीन की मांग विधायकों ने नही की है,चुकी सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने पूर्व में ही शोशल मीडिया के माध्यम से जनहित के लिए ग्राम नकटी में अपने लिए जमीन नही लेने की बात कही है इसलिए उनसे सहमति नही लिया गया, बसना विधायक संपत अग्रवाल से सहमति लेने जिला उपाध्यक्ष गोपाल वैष्णव विधानसभा सभा प्रभारी भुनेश्वर साहू, यूथ विंग जिलाध्यक्ष खिरोद पटेल, महिला विंग जिलाध्यक्ष मिलासनी सिंह,माधव सोना, एम डी सागर उनके निवास पहुंचे तो बताया गया वे रायपुर वाले निवास में है,वहां उनसे मिलकर सहमति लेने का आम आदमी पार्टी प्रयास कर रही है।
पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र में जनता अपने प्रतिनिधियों को इसलिए चुनती है कि वे उनके अधिकारों की रक्षा करें, न कि उनके घर उजाड़कर अपने लिए आवास बनवाएँ। यदि किसी गरीब परिवार की छत छीनकर जनप्रतिनिधियों के लिए भवन बनाए जाते हैं, तो यह केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं बल्कि सामाजिक न्याय और मानवीय संवेदनाओं के विरुद्ध कदम है।
आम आदमी पार्टी ने सभी विधायकों से अपील की है कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मानवता का साथ दें, गरीबों के दर्द को समझें और सार्वजनिक रूप से यह घोषणा करें कि वे ऐसे किसी विधायक निवास को स्वीकार नहीं करेंगे जो किसी गरीब परिवार के उजड़े हुए आशियाने की कीमत पर बनाया जा रहा हो।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं बल्कि न्याय, संवेदना और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए है। यह केवल नकटी गाँव की लड़ाई नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के हर उस गरीब परिवार की लड़ाई है जिसे कभी भी विकास या किसी अन्य योजना के नाम पर उजाड़ा जा सकता है। यदि आज आवाज़ नहीं उठाई गई तो कल किसी और गाँव, किसी और बस्ती और किसी अन्य गरीब परिवार की बारी हो सकती है। आम आदमी पार्टी हमेशा प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास, न्याय और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर सड़क से लेकर सदन तक जनआंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।