दुर्ग संभाग में प्रधानपाठक के 780 पदों पर पदोन्नति आदेश जारी

दुर्ग संभाग में प्रधानपाठक के 780 पदों पर पदोन्नति आदेश जारी

दुर्ग संभाग में लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को आखिरकार राहत मिली है। संयुक्त संचालक, दुर्ग संभाग द्वारा मिडिल स्कूल प्रधानपाठक के 780 पदों पर पदोन्नति आदेश जारी कर दिया गया है। इन पदोन्नतियों में नियमित शिक्षक, एलबी संवर्ग के शिक्षक सहित शिक्षा विभाग और आदिम जाति विकास विभाग के शिक्षक शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि पदोन्नति को लेकर शिक्षकों में काफी समय से असंतोष व्याप्त था। 5 जनवरी को छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष रविन्द्र राठौर के नेतृत्व में संयुक्त संचालक कार्यालय दुर्ग का एकदिवसीय घेराव किया गया था। संगठन का आरोप था कि लंबे समय से ज्ञापन देने और अधिकारियों को विभिन्न माध्यमों से अवगत कराने के बावजूद पदोन्नति प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था, जिससे शिक्षकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा था।

घेराव के बाद आई प्रशासनिक सक्रियता
फेडरेशन ने संभाग स्तरीय पदाधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त संचालक कार्यालय के घेराव की रणनीति बनाई थी। इसके बाद 19 जनवरी को विभागीय अधिकारियों द्वारा मिडिल स्कूल प्रधानपाठक पदों की पदोन्नति सूची जारी कर दी गई। हालांकि, काउंसलिंग की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

पारदर्शी काउंसलिंग की मांग
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने मांग रखी है कि जिन स्कूलों में संस्था प्रमुख का पद रिक्त है और उसी स्कूल के शिक्षक का नाम पदोन्नति सूची में है, उन्हें उसी विद्यालय में पदस्थ किया जाए। इसके साथ ही रिक्त पदों की सूची शीघ्र जारी करने की भी मांग की गई है, ताकि काउंसलिंग प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रह सके।

शिक्षकों को दी बधाई, अगली पदोन्नति की मांग
पदोन्नति आदेश जारी होने पर संघ ने सभी पदोन्नत शिक्षकों को बधाई दी है। साथ ही संगठन ने यह भी मांग की है कि मिडिल स्कूल प्रधानपाठक पदोन्नति के बाद अतिशीघ्र शिक्षक से उच्च पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया भी शुरू की जाए।

इस अवसर पर प्रांताध्यक्ष रविन्द्र राठौर ने हर्ष व्यक्त करते हुए दुर्ग संभाग के पदाधिकारियों—प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र हरमुख, बसंत कौशिक, चंद्रप्रकाश तिवारी, अशोक कुमार ध्रुवे, कृष्ण कुमार वर्मा, रमेश कुमार साहू, एलेन्द्र यादव, राजकुमार यादव, पोखन साहू, खिलानंद साहू, प्रेम नारायण शर्मा, चेतन सिंह परिहार, सतीश चंद्राकर, उत्तम ठाकुर, देव यादव, कीरथ गनवीर, सूरज शर्मा, ललित प्रताप सिंह, हीरालाल मौर्य, सुनील कुमार साहू, अजय कुमार यादव सहित दुर्ग संभाग के समस्त ब्लॉक अध्यक्षों और पदाधिकारियों को इस सफलता का श्रेय दिया।