नासिक में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

नासिक में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

 महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी तालुका में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में छह बच्चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, डिंडोरी के इंदोरे गांव निवासी दरगुड़े परिवार के सदस्य एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे अंधेरे में चालक को सड़क किनारे स्थित कुआं दिखाई नहीं दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सीधे कुएं में जा गिरी। पानी से भरे कुएं में गिरने के बाद सभी लोग उसमें फंस गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

डिंडोरी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर भगवान माथुरे के मुताबिक, ऑपरेशन में हाइड्रोलिक क्रेन और स्थानीय तैराकों की मदद ली गई। अंधेरा और कुएं की गहराई के कारण राहत कार्य दो घंटे से अधिक समय तक चला। देर रात वाहन और सभी शवों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में सुनील, रेशमा, आशा, खुशी, माधुरी, श्रेयस, राखी, श्रावणी और समृद्धि दरगुड़े शामिल हैं।

घटना पर देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख जताते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटनास्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। स्थानीय लोगों ने भी खुले कुएं के आसपास चेतावनी संकेत और बैरियर नहीं होने पर नाराजगी जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।