महासमुंद ACB की बड़ी कार्रवाई: 1 लाख की रिश्वत लेते सरपंच रंगे हाथ गिरफ्तार
महासमुंद जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरपंच को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला ग्राम पंचायत बेमचा का है, जहां सरपंच देवेंद्र चंद्राकर को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए ACB टीम ने ट्रैप ऑपरेशन में पकड़ा।जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता सूरज राम रात्रे ने ACB रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी पत्नी के नाम की जमीन पर मकान निर्माण के लिए पहले NOC मिल चुकी थी, लेकिन वर्तमान सरपंच ने उसे रद्द कर दिया। इसके बाद दोबारा अनुमति देने के नाम पर सरपंच ने 4 लाख रुपये की मांग की। बाद में सौदा 3 लाख 80 हजार रुपये में तय हुआ और आरोपी पहले ही 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर ले चुका था।शिकायत की जांच के बाद आरोप सही पाए गए, जिसके बाद 16 अप्रैल को ACB टीम ने जाल बिछाया। इस दौरान सरपंच को 1 लाख रुपये की अगली किस्त लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।