तारपिन तेल डालकर युवक को जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत, आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। जिले के पस्ता थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को जिंदा जलाने का मामला उजागर हुआ है। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, मृतक करण बेक (20 वर्ष) निवासी डीपाडीहखुर्द को आरोपी अनिश मिंज ने जान से मारने की नीयत से उसके शरीर पर तारपिन तेल डालकर लाइटर से आग लगा दी। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे करण को पहले डुमरखोला में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया।हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के दौरान मर्ग डायरी, मरणासन्न कथन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी अनिश मिंज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।